माधव नगर होटल डर्बी की दीवार से,,सटाकर किया जा रहा निर्माण कार्य एवं,नाले पर अवैध कब्जा, प्रशासन की चुप्पी से जनता में आक्रोश

मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ कटनी, 03 सितंबर 2025: जिला कटनी के समदड़िया कॉलोनी के सामने डर्बी होटल के समीप 50-55 वर्ष पुराने शासकीय नाले पर राजकुमार आसरानी द्वारा 3,000 वर्गफुट के पट्टे की आड़ में लगभग 25,000 वर्गफुट शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। यह गंभीर मामला स्थानीय प्रशासन और नगर निगम की लापरवाही को उजागर करता है, क्योंकि शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
डर्बी होटल के मालिक जेठानंद वालवानी ने जिला कलेक्टर को संबोधित शिकायत पत्र में बताया कि राजकुमार आसरानी ने नाले पर बिना किसी वैध अनुमति या नगर निगम से मानचित्र स्वीकृति के अवैध निर्माण शुरू किया है। इस निर्माण से होटल की हवा, पानी निकासी और एग्जॉस्ट सिस्टम प्रभावित हो रहा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि राजस्व और नगर निगम के अधिकारियों से सांठगांठ के चलते यह अवैध कार्य निर्बाध जारी है। वालवानी ने चेतावनी दी कि नाले को पाटने से बारिश के दौरान पानी निकासी रुकने से बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने बताया कि पूर्व में इसी नाले में बरसात के समय दो लोगों की मृत्यु हो चुकी है। इसके बावजूद, प्रशासन की उदासीनता के कारण शासकीय भूमि पर अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि आसरानी ने अपने रसूख का दुरुपयोग कर बिना धारणाधिकार या पट्टे के निर्माण कार्य शुरू किया है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने और नाले को सुरक्षित करने की मांग की है। स्थानीय निवासियों में प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर गहरा आक्रोश है। शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, नगरीय प्रशासन मंत्रालय, नगर निगम आयुक्त, संभागीय आयुक्त, पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी को भी भेजी गई है। जनता अब सवाल उठा रही है कि आखिर कब तक प्रशासन की मिलीभगत से शासकीय संपत्ति का दुरुपयोग होता रहेगा?

मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ संपादक श्यामलाल सूर्यवंशी