शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने पर जोर, साइकिल वितरण में जनप्रतिनिधियों की होगी सहभागिता शिक्षा समिति अध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने ली विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक, नामांकन से लेकर निर्माण कार्यों तक की प्रगति पर की चर्चा
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। दिनांक 18 नवंबर 2026जिले की शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी बनाने के साथ विद्यार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला शिक्षा केंद्र के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति अध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, विद्यार्थियों के नामांकन में वृद्धि, साइकिल एवं गणवेश वितरण तथा निर्माण कार्यों की प्रगति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में शिक्षा समिति अध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को साइकिल वितरण के दौरान जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति एवं सहभागिता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराई जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक बेहतर तरीके से पहुंचे। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के साथ पठन-पाठन की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।इस अवसर पर जिला स्तरीय नियुक्ति, अनुदान एवं निर्माण समिति में नामांकित अशासकीय सदस्यों का सभापति अशोक विश्वकर्मा द्वारा शाल, श्रीफल एवं डायरी भेंटकर सम्मान किया गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, जिला स्तरीय समिति के अशासकीय सदस्य, जिला शिक्षा परियोजना समन्वयक प्रेम नारायण तिवारी, सहायक परियोजना समन्वयक, सहायक यंत्री, बीआरसी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नामांकन, यू-डाइस एवं अपार आईडी की हुई समीक्षा
बैठक में विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के नामांकन में वृद्धि सुनिश्चित करने के साथ यू-डाइस, यू-डाइस इनकंसिस्टेंसी, अपार आईडी एवं एमबीयू से संबंधित कार्यों की विकासखंडवार गहन समीक्षा की गई। अशोक विश्वकर्मा ने अधिकारियों से इन कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा में पूरा करने तथा जहां कमियां हैं, वहां तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में नियमित निगरानी रखी जाए तथा मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य कराकर विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जाए। विद्यालयों में अच्छा वातावरण होगा तो शिक्षण और अध्ययन दोनों प्रक्रियाएं अधिक प्रभावी बनेंगी।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का रखें ध्यान
बैठक में विद्यार्थियों को साइकिल एवं गणवेश वितरण की प्रगति के साथ जिले में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों को समय पर मिले तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं समयसीमा के अनुरूप पूर्ण कराए जाएं। जिन कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, उनमें विशेष तत्परता दिखाते हुए तेजी लाई जाए और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।समीक्षा के दौरान बेहतर कार्य करने पर विकासखंड ढीमरखेड़ा के विकासखंड शिक्षा समन्वयक की सराहना की गई। साथ ही अन्य विकासखंडों के अधिकारियों को भी इसी कार्यशैली से प्रेरणा लेकर कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए गए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, नियमित होगी मॉनिटरिंग
सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली शैक्षणिक योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करें और योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएं। बैठक में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

