यातायात नियम तोड़ने वालों पर कटनी पुलिस का शिकंजा, दो दिन में 76 वाहन चालकों पर कार्रवाई गलत दिशा, अव्यवस्थित पार्किंग और काली फिल्म सहित विभिन्न उल्लंघनों पर कार्रवाई, 74 हजार 500 रुपये का समन शुल्क लगाया
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। दिनांक, 20 नवंबर 2026शहर की सड़कों पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने महज दो दिनों में 76 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 74 हजार 500 रुपये का समन शुल्क अधिरोपित किया है
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन तथा यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की।
गलत दिशा और बेतरतीब पार्किंग पर विशेष नजर
अभियान के दौरान चांडक चौक एवं मिशन चौक पर रॉन्ग साइड से वाहन चलाकर आवागमन बाधित करने वाले 25 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं तिलक राष्ट्रीय स्कूल, घंटाघर चौराहा, खिरहनी ब्रिज, जीजी नर्सिंग होम एवं चांडक हॉस्पिटल के सामने सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वाले 15 वाहन चालकों को चालानी कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा गलत, अस्पष्ट एवं बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई। दो बोलेरो वाहनों में काली फिल्म पाए जाने पर भी कार्रवाई की गई। बिना वैध पीयूसी प्रमाण पत्र के संचालित दो वाहनों, निर्धारित ऊंचाई से अधिक माल लोड करने वाले दो वाहनों तथा बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले पांच चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। बिना बीमा एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक भी पुलिस की कार्रवाई के दायरे में आए।
नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान
इस विशेष अभियान में रक्षित निरीक्षक,अंजू लकड़ा, उप निरीक्षक शशि भूषण दुबे, उप निरीक्षक राजकुमार झारिया, सहायक उप निरीक्षक अशोक सिंह, संदीप बाल्मीकि, मनीष बर्मन, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, रॉन्ग साइड से वाहन न चलाएं और सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग करने से बचें। साथ ही ओवरलोडिंग न करें तथा एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन वाहनों को रास्ता दें।यातायात पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर अनमोल जिंदगियों को सुरक्षित रखना है। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगामी दिनों में भी सघन चेकिंग अभियान चलाकर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।यातायात पुलिस का संदेश है,चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। सुरक्षित सड़क, सुरक्षित जीवन।

