पितृमोक्ष अमावस्या पर ब्रह्मा घाट में दीपदान, पूर्वजों की स्मृति में प्रज्ज्वलित किए श्रद्धा के दीप सिंधी समाज सहित सर्वसमाज के लोगों ने पितरों के मोक्ष की कामना के साथ किया दीपदान,भजनों और श्रद्धा के साथ होगी पितृपक्ष की विदाई
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी/माधवनगर। पितृमोक्ष अमावस्या के पावन अवसर पर माधवनगर के खैबर लाइन स्थित ब्रह्मा घाट में सिंधी समाज सहित सर्वसमाज के लोगों ने अपने पूर्वजों की स्मृति में श्रद्धापूर्वक दीपदान किया। इस दौरान घाट पर श्रद्धा और आस्था का वातावरण देखने को मिला। लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर अपने पितृदेवों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और उनकी आत्मा की शांति एवं मोक्ष की कामना की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पितृ हमारे जीवन की वह जड़ हैं, जिनसे हमारा अस्तित्व जुड़ा हुआ है। पूर्वजों की स्मृति में प्रज्ज्वलित किया गया एक दीप श्रद्धा, कृतज्ञता और प्रेम का प्रतीक माना जाता है। इसी भावना के साथ ब्रह्मा घाट पर दीपदान का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासियों ने सहभागिता निभाई।आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए घनश्याम चावला ने बताया कि पितृमोक्ष अमावस्या पर दीपदान का उद्देश्य अपने पितृदेवों को श्रद्धापूर्वक विदाई देना तथा जीवनभर उनका आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना करना है। इस अवसर पर पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपदान के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।कार्यक्रम में अनिल चट्टरानी सहित शहर के वरिष्ठ नागरिकों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। आयोजन ने लोगों को अपने पूर्वजों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और पारिवारिक संस्कारों के महत्व का संदेश दिया।

