महापौर के नेतृत्व में घंटाघर रामलीला मंचन के लिए मिला स्थाई मंच,संस्कृति परंपरा को मिला महत्वपूर्ण स्थान,
सुलभ कॉम्प्लेक्स की भी दिलाई सौगात धर्मप्रेमियों एवं नागरिकों को मिलेगी बेहतर सुविधा,
महापौर, निगमाध्यक्ष एवं वरिष्ठ क्षेत्रीय पार्षद की उपस्थिति में हुआ नवनिर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण एवं रामलीला रंगमंच निर्माण का भूमिपूजन,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी (18 अक्टूबर 2026) नगर के प्रमुख व्यापारिक एवं सांस्कृतिक केंद्र रघुनाथ गंज वार्ड स्थित घंटाघर क्षेत्र में शनिवार को विकास कार्यों की महत्वपूर्ण सौगात मिली। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक एवं क्षेत्रीय वरिष्ठ पार्षद एडवोकेट श्री मिथिलेश जैन सहित जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति में घंटाघर स्थित नवनिर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण के साथ रामलीला कमेटी के रंगमंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ। लगभग 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स और 63 लाख 64 हजार रुपये की लागत से प्रस्तावित रंगमंच निर्माण कार्य से क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ शहर की सांस्कृतिक परंपरा को भी मजबूती मिलेगी।
व्यापारिक क्षेत्र को मिली सुलभ कॉम्प्लेक्स की सुविधा, नागरिकों को मिलेगी राहत
शहर में घंटाघर क्षेत्र कटनी के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, ग्राहक, महिलाएं और आम नागरिक पहुंचते हैं। कपड़ा बाजार, सराफा बाजार, गोल बाजार, हनुमानगंज सहित आसपास के विस्तृत व्यापारिक क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को शौचालय एवं मूत्रालय की सुविधा उपलब्ध कराने की दृष्टि से नवनिर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स महत्वपूर्ण साबित होगा। लगभग 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस सुलभ कॉम्प्लेक्स में आधुनिक शौचालयों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके लोकार्पण से बाजार क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा तथा व्यापारियों, ग्राहकों, महिलाओं एवं आम नागरिकों को दैनिक आवश्यकताओं के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
रामलीला के 50 वर्षों से अधिक पुराने आयोजन को मिलेगा स्थायी रंगमंच
घंटाघर रामलीला कमेटी द्वारा पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से रामलीला का मंचन कराया जा रहा है। लंबे समय से स्थायी रंगमंच की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। मंच के अभाव में रामलीला के आयोजन के दौरान कलाकारों एवं आयोजकों को व्यवस्थागत परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब लगभग 63 लाख 64 हजार रुपये की लागत से रंगमंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन होने के साथ इस बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रंगमंच का निर्माण पूर्ण होने पर रामलीला के आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित हो सकेंगी और कलाकारों को बेहतर मंच उपलब्ध होगा। इससे शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी।
शहर के 8 स्थानों पर लगभग सवा दो करोड़ रुपये से मिलेंगी सुलभ शौचालयों की सौगात – महापौर श्रीमती सूरी
महापौर श्रीमती सूरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि नगर के विकास का उद्देश्य केवल आधारभूत संरचनाओं का निर्माण करना नहीं, बल्कि नागरिकों की दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर में लगभग सवा करोड़ रुपये की लागत से 8 स्थानों पर आधुनिक सुलभ शौचालयों की सौगात दी जा रही है।जिनका लोकार्पण भी जल्द ही किया जाएगा।इससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आने-जाने वाले नागरिकों, व्यापारियों, महिलाओं एवं आमजन को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि घंटाघर जैसे प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र में सुलभ कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, रामलीला रंगमंच का निर्माण शहर की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को संजोने का प्रयास है। नगर निगम नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है।
निगमाध्यक्ष श्री पाठक ने कहा, इन मह्त्वपूर्ण विकास कार्यों से नागरिकों को मिलेगी बेहतर सुविधा
नगर निगम अध्यक्ष श्री पाठक ने कहा कि घंटाघर क्षेत्र में दोनों विकास कार्यों का अपना विशेष महत्व है। सुलभ कॉम्प्लेक्स से प्रमुख बाजारों में आने वाले नागरिकों को आवश्यक सुविधा मिलेगी, वहीं रामलीला रंगमंच के निर्माण से वर्षों पुरानी आवश्यकता पूरी होगी और धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों को व्यवस्थित स्वरूप मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्य शहर की सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ नागरिकों की अपेक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नगर के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों एवं नागरिकों के समन्वय और सहयोग से सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
वरिष्ठ पार्षद एडवोकेट मिथिलेश जैन ने बताया क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि
कार्यक्रम के दौरान वार्ड के वरिष्ठ पार्षद एडवोकेट श्री मिथिलेश जैन ने कहा कि घंटाघर क्षेत्र में सुलभ कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण और रामलीला रंगमंच निर्माण का भूमिपूजन क्षेत्र की आवश्यकताओं से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य हैं। एक ओर व्यापारिक क्षेत्र में आने वाले नागरिकों को आवश्यक सुविधा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर दशकों से रामलीला के आयोजन से जुड़ी स्थायी मंच की आवश्यकता भी पूरी होने जा रही है। दोनों कार्य क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों और रामलीला कमेटी के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल के सदस्य डॉ रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद,एड.सुरेंद्र गुप्ता,पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी, विभिन्न दलों के पार्षद, घंटाघर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष श्री राजाराम यादव, श्री गोविंद सचदेवा, सराफा बाजार व्यापारी संघ के प्रतिनिधि श्री आशीष सोनी, झंडा बाजार किराना व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री अतुल सचदेवा, श्री राजेंद्र तिवारी, श्री रमेश सोनी, पूर्व पार्षद श्री अरुण कन्नौजिया एवं श्रीमती लता कनौजिया, एडवोकेट श्री केके शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री जितेंद्र गुप्ता, श्री रामकृष्ण गट्टानी, श्री बाला गट्टानी, श्री सतीश बजाज, श्री संदीप गुड्डू यादव, श्री सत्यम चौहान एवं श्री ओंकार बहरे सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
घंटाघर क्षेत्र में इन दोनों कार्यों के माध्यम से नागरिक सुविधाओं के विस्तार और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सुलभ कॉम्प्लेक्स से बाजार क्षेत्र में आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी, वहीं स्थायी रंगमंच निर्माण से रामलीला के आयोजन को बेहतर आधार प्राप्त होगा।

