अमीरगंज गौशाला में मवेशियों की मौत संबंधी खबर के संबंध में निगम के स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने दिया प्रतिवेदन मृत मवेशी नियमित रूप से गौशाला में रखे जाने वाले पशु नहीं, रेस्क्यू किए गए गंभीर रूप से बीमार एवं निराश्रित मवेशी थे - स्वास्थ्य अधिकारी श्री सोनी
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी-/ दिनांक, 27 सितंबर 2026अमीरगंज स्थित नगर निगम की गौशाला में मवेशियों की मौत एवं अव्यवस्थाओं को लेकर 27 सितंबर को प्रकाशित समाचार के संबंध में नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए वस्तुस्थिति का प्रतिवेदन दिया है। श्री सोनी ने बताया कि समाचार में दिखाए गए मृत मवेशी गौशाला में नियमित रूप से रखे जाने वाले पशु नहीं थे, बल्कि कैचिंग स्क्वाड द्वारा शहर के विभिन्न मार्गों से रेस्क्यू किए गए गंभीर रूप से बीमार एवं निराश्रित मवेशी थे। पशु चिकित्सक द्वारा सघन उपचार के प्रयास किए जाने के बावजूद भी इन पशुओं को नहीं बचाया जा सका। इसके पश्चात निर्धारित प्रक्रिया के तहत मृत पशुओं का इन्सिनरेशन किया गया।स्वास्थ्य अधिकारी श्री सोनी ने बताया कि संबंधित वीडियो उस समय बनाया गया, जब मृत पशुओं के निस्तारण के लिए टीम गौशाला पहुंच रही थी।
गौशाला में चारा-पानी एवं उपचार की पर्याप्त व्यवस्था
निगम प्रशासन के अनुसार, गौशाला में वर्तमान में मवेशियों के लिए पर्याप्त चारा, भूसा एवं पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध है। पशुओं की नियमित देखभाल के साथ समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाता है। गौशाला की व्यवस्थाओं के संचालन हेतु चार कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिनमें तीन कर्मचारी अलग-अलग शिफ्टों में कार्यरत हैं तथा एक सुपरवाइजर सहित हांका गैंग प्रभारी भी नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त गौशाला में शेड निर्माण का कार्य भी प्रगतिरत है।
तीन शिफ्टों में होती है साफ-सफाई
निगम प्रशासन ने बताया कि संबंधित दिवस पर बारिश के कारण गौशाला परिसर में कीचड़ जमा हो गया था, जिसकी नियमित रूप से तीनों शिफ्टों में सफाई कराई जाती है। गौशाला के रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। निगम प्रशासन ने प्रकाशित समाचार को तथ्यों के विपरीत बताते हुए कहा कि गौशाला में पशुओं की देखभाल, उपचार, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरंतर संचालन किया जा रहा है।

