सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा ने की पत्रकार वार्ता,
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न सेवा एवं जनभागीदारी के कार्यक्रम,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय, कटनी में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में मध्यप्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने अभियान की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी। पत्रकार वार्ता की प्रस्तावना भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक सोनी टंडन ने रखी।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी सेवा यात्रा प्रारंभ की थी। 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर को देखते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस पर सेवा दिवस के रूप में होगी। इस दिन रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा तथा शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा।
अभियान के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं जनभागीदारी के अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके साथ ही नमो सेवा, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा सेतु अभियान एवं सुशासन संवाद जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक सोनी टंडन ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को कटनी जिले में बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को अभियान से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को आगे बढ़ाया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, जिला महामंत्री श्री मनीष देव मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती सीमा जैन, जिला सह मीडिया प्रभारी श्री मयंक गुप्ता, भाजयुमो जिलाध्यक्ष श्री पारस जैन एवं अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष श्री उमेंद्र अहिरवार सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

