घर में चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार,सोने-चांदी के आभूषण बरामद,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। ढीमरखेड़ा थाना पुलिस ने घर में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 4 अगस्त को ग्राम ढीमरखेड़ा निवासी मनीषा कोल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 जुलाई को अज्ञात व्यक्ति उसके घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया। शिकायत पर अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान फरियादिया ने बताया कि घटना वाले दिन ग्राम पहरुआ निवासी मलिका उर्फ शीतल कोल उसके घर आई थी, जिस पर उसे संदेह था। पुलिस ने संदेही महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
विशेष योगदान: कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी, उप निरीक्षक सुरेश चौधरी,पंकज सिंह एवं,गंधर्व सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

