कटनी,ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर पर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती जारी बुलेट से मौके पर निकलवाया कानफोड़ू साइलेंसर, वाहन चालक पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी, 18 अगस्त 2026 शहर में तेज एवं कर्कश आवाज से ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे दोपहिया वाहनों के विरुद्ध कटनी यातायात पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।अभियान के तहत सोमवार रात करीब 8 बजे चंडाक चौक पर बुलेट मोटरसाइकिल से मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाकर वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 11 बजे झिंझरी स्थित मारुति शोरूम के पास मॉडिफाइड साइलेंसर की शिकायत मिलने पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान वाहन में लगा तेज एवं कर्कश आवाज करने वाला साइलेंसर मौके पर ही निकलवाया गया तथा वाहन चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना सहित वैधानिक कार्रवाई की गई यातायात पुलिस द्वारा अब तक दर्जनों मॉडिफाइड साइलेंसर लगे दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई करते हुए अनधिकृत साइलेंसर निकलवाए गए हैं और वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना किया गया है।
मॉडिफिकेशन के नाम पर ध्वनि प्रदूषण बर्दाश्त नहीं
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहनों में अनधिकृत रूप से ऐसे साइलेंसर लगाना, जिनसे अत्यधिक तेज एवं कर्कश आवाज निकलती है, किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभियान निरंतर जारी रहेगा और ऐसे वाहनों की सड़क पर जांच कर मौके पर ही कार्रवाई की जाएगी।यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानकों वाले साइलेंसर का ही उपयोग करें तथा अनावश्यक तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर से बचें।यातायात पुलिस का संदेश स्पष्ट है—सड़क पर स्टाइल के नाम पर ध्वनि प्रदूषण नहीं, नियमों का पालन ही सुरक्षित यातायात की पहचान है।

