कटनी,हरियाली तीज क्वीन प्रतियोगिता में महिलाओं ने बिखेरा प्रतिभा का रंग, राखी गुप्ता बनीं हरियाली गोल्ड क्वीन
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। श्री खरे केसरवानी महिला मंडल द्वारा 5 अगस्त 2026 को स्काईलाइट में हरियाली तीज क्वीन प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन मंडल की अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ लड्डू गोपाल को छप्पन भोग अर्पित कर एवं आरती के साथ भक्तिमय वातावरण में हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं निर्णायक के रूप में श्रीमती दीपाली गुप्ता एवं श्रीमती स्वाति पाठक उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती शालिनी सोनी ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों, निर्णायकों तथा समाज की वरिष्ठ एवं बुजुर्ग महिलाओं का सम्मान भी किया गया।हरियाली तीज क्वीन प्रतियोगिता में समाज की 23 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता तीन चरणों—कैटवॉक राउंड, टैलेंट राउंड एवं प्रश्नोत्तर राउंड—में आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, प्रतिभा और व्यक्तित्व का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।प्रतियोगिता में हरियाली गोल्ड क्वीन का खिताब श्रीमती राखी गुप्ता ने जीता, जबकि हरियाली सिल्वर क्वीन श्रीमती शिवाली गुप्ता रहीं। ओवरऑल परफेक्ट पुरस्कार श्रीमती आरती गुप्ता, बेस्ट परफॉर्मेंस श्रीमती उषा गुप्ता, बेस्ट स्माइल श्रीमती रीना गुप्ता तथा बेस्ट मेहंदी का पुरस्कार श्रीमती सोनम गुप्ता को प्रदान किया गया।प्रतियोगिता के साथ-साथ आकर्षक हाउजी एवं विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।कार्यक्रम के समापन पर मंडल की अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका गुप्ता ने सभी विजेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाज की मातृशक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महामंत्री श्रीमती लता गुप्ता, कोषाध्यक्ष श्रीमती रोशनी गुप्ता सहित मंडल के समस्त पदाधिकारियों एवं समाज की बड़ी संख्या में महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

