कटनी,टिकरिया-कैलवारा औद्योगिक क्षेत्र में रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर का सीमांकन, औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। जिले के टिकरिया-कैलवारा औद्योगिक क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 445.85 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से प्रस्तावित रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर के लिए भूमि का सीमांकन कार्य संपन्न किया गया। यह क्लस्टर लगभग 2.98 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा।
सीमांकन की कार्रवाई राजस्व विभाग एवं उद्योग विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में विधिवत संपन्न हुई। इस दौरान गारमेंट क्लस्टर से जुड़े हितधारक एवं संबंधित व्यक्तियों ने भी मौके पर उपस्थित रहकर प्रस्तावित परियोजना का अवलोकन किया।
प्रस्तावित रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर के विकसित होने से जिले में वस्त्र एवं परिधान उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के क्रियान्वयन से क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा तथा कटनी जिले का औद्योगिक विकास और अधिक सशक्त होगा।

