शहर विकास पर कलेक्टर की पैनी नजर: मेगा प्रोजेक्ट्स का किया औचक निरीक्षण एमएसडब्ल्यू प्लांट से लेकर ई-लाइब्रेरी और ट्रांसपोर्ट नगर तक विकास कार्यों का निरीक्षण कर, गुणवत्ता और समय सीमा पर पूर्ण करने दिया निर्देश
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी/ शहर को स्वच्छ, आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में संचालित प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने नगर निगम क्षेत्र में निर्माणाधीन और संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों, ताकि नागरिकों को शीघ्र बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस दौरान निगमायुक्त तपस्या परिहार भी मौजूद रहीं कलेक्टर श्री तिवारी ने अमीरगंज स्थित एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एमएसडब्ल्यू) प्लांट, माधवनगर स्थित 7.5 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, कटाएघाट में अमृत 2.0 योजना के तहत विकसित की जा रही वाटर बॉडी रेजुवेनेशन परियोजना, अमकुही जल शोधन संयंत्र, के.सी.एस. स्कूल में निर्माणाधीन ई-लाइब्रेरी तथा पुरैनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया।
ठोस अपशिष्ट पबंधन को प्रभावी बनाने के निर्देश
अमीरगंज स्थित एमएसडब्ल्यू प्लांट में कलेक्टर ने कंट्रोल रूम, आईटी आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम, कचरा संग्रहण वाहनों की ट्रैकिंग व्यवस्था तथा कचरा प्रसंस्करण प्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर से प्रतिदिन एकत्रित होने वाले कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देने और पुराने कचरे तथा आरडीएफ सामग्री के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। अतिरिक्त टिपिंग स्टेशन की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
एसटीपी को पूर्ण क्षमता से संचालित करें
माधवनगर स्थित 7.5 एमएलडी क्षमता वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने इसकी तकनीकी इकाइयों और ट्रायल रन की जानकारी ली। वर्तमान में लगभग 3 एमएलडी सीवरेज प्राप्त होने की जानकारी पर उन्होंने शेष घरों में सीवर कनेक्शन शीघ्र पूर्ण कर प्लांट को पूर्ण क्षमता से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपचारित जल के उपयोग को पार्कों, हरित क्षेत्रों, औद्योगिक इकाइयों तथा रेलवे जैसी संस्थाओं तक विस्तारित करने के निर्देश दिए।
कटाएघाट को आकर्षक पर्यटन स्थल के तौर पर करें विकसित
अमृत 2.0 योजना के तहत कटाएघाट में चल रहे वाटर बॉडी रेजुवेनेशन कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री तिवारी ने पाथवे, पिचिंग, रेलिंग, घाट की सीढ़ियों, उद्यान और बैठने की व्यवस्थाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने आधुनिक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ भविष्य की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त एनीकट निर्माण के संबंध में भी नगर निगम के अधिकारियों को हिदायत दी।
किया पौधारोपण
अमकुही जल शोधन संयंत्र परिसर में कलेक्टर श्री तिवारी ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत भिलमा का पौधा रोपित किया, जबकि नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने जामुन का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया। इस दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने जल शोधन संयंत्र के अंदर वर्षा ऋतु के दौरान किए जाने वाले पौधारोपण के चिन्हित स्थल का भी निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
जल्द शुरू होगी आधुनिक ई-लाइब्रेरी
के.सी.एस. स्कूल परिसर में निर्माणाधीन ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने भवन के विभिन्न तल, लाइटिंग, लिफ्ट, पार्किंग और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की तथा शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर इसे जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने विद्यालय में किए जा रहे उन्नयन कार्यों की जानकारी दी। कलेक्टर ने छात्रा कुमारी सोनम पटेल से संवाद किया और खूब मन लगाकर पढ़ाई कर अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना को मिलेगी गति
पुरैनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपलब्ध और आवंटित प्लॉटों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने शेष प्लॉटों के आवंटन हेतु द्वितीय निविदा प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने, पारदर्शी तरीके से प्लॉट आवंटन सुनिश्चित करने तथा इच्छुक ट्रांसपोर्टरों के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने कृषि उपज मंडी के पीछे स्थित थोक कपड़ा व्यापारियों की सुविधा के लिए चिन्हित स्थल का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री
सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल,आदेश जैन, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, मृदुल श्रीवास्तव, मोना करेरा, शैलेन्द्र प्यासी, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

