कटनी,जिले की समस्त 407 ग्राम पंचायतों द्वारा स्वयं के आय के स्रोत में वृद्धि करने तीन दिवसीय ऑनलाइन प्रशिक्षण का हुआ समापन,
जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने ओएसआर के संबंध में सचिवों और जीआरएस को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने दिए अचूक नुस्ख़े,
ग्राम पंचायतों के आर्थिक रूप से सक्षम होने के साथ पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि एवं मॉनिटरिंग प्रक्रिया होगी सुदृढ़ - सुश्री कौर
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी, (22 जुलाई)- जिले की समस्त 407 ग्राम पंचायतों को आर्थिक रूप से समृद्ध, सशक्त, आत्मनिर्भर और मॉनिटरिंग प्रक्रिया को बढ़ावा देने के साथ सुदृढ़ करने तीन दिवसीय OSR का वर्चुअल प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को ढीमरखेड़ा और विजयराघवगढ़ में आयोजन के साथ संपन्न हुआ।
*प्रशिक्षण क्यों है जरूरी
जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने ऑनलाइन प्रशिक्षण में संवाद करते हुए कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य किसी भी कार्य को निर्धारित समय पर शुद्धता, गुणवत्ता और सटीकता के साथ करना होता है।
शंकाओं,समस्याओं और जिज्ञासाओं का पूछें हल
सुश्री कौर कहती हैं कि प्रशिक्षण को बेहद गंभीरता से लेते हुए मन में आई शंकाओं, समस्याओं और जिज्ञासा का हल पूछें।
*मात्र शासकीय अनुदान के भरोसे नहीं रहे बढ़ाएं आमदनी के का जरिया
सुश्री कौर ने ग्राम पंचायतों को आय में वृद्धि को लेकर अचूक नुस्खे शेयर किए। उन्होंने कहा कि मात्र शासकीय अनुदान पर निर्भर नहीं रहते हुए स्थानीय कर जैसे जलकर , स्वच्छता कर, प्रकाश कर, बाजार शुल्क, अचल संपत्ति पर कर सहित अन्य आवश्यक एवं वैकल्पिक कर मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 में निहित प्रावधानों के तहत लगाएं। आर्थिक मजबूती से आप सब छोटी-छोटी ग्राम पंचायत स्तर की स्थानीय समस्याओं का समाधान ग्राम पंचायत और ग्राम सभा की सहमति से स्वयं कर सकेंगे।
एक-एक पाई का रखें हिसाब
जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने संवाद करते हुए कहा कि कर वसूली और निगरानी व्यवस्थित रूप से करे। ग्रामीण नागरिकों से प्राप्त करों की राशि की एक-एक पाई का हिसाब-किताब दस्तावेजों में दुरुस्त रखें।
मॉनिटरिंग प्रक्रिया को मिलेगा बढ़ावा, होगी सुदृढ़
सुश्री कौर ने कहा कि पोर्टल में डेटा प्रविष्टि सही और समयबद्ध करने से मॉनिटरिंग प्रक्रिया को बढ़ावा मिलेगा और सुदृढ़ होगी। सुश्री कौर ने उपस्थित प्रश्नों का सहजता के साथ समाधान किया।
3 दिन में चरणबद्ध रूप से दो-दो जनपद पंचायतों की ग्राम पंचायतों को दिया गया वर्चुअल प्रशिक्षण
उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने 20 से 22 जुलाई 2026 तक तीन दिन, ग्राम पंचायतों के सचिव और ग्राम रोजगार सहायकों को OSR के संबंध में ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम चरणबद्ध ढंग से आयोजित करने अधिकारियों को निर्देशित किया था। फलस्वरूप सुश्री कौर के निर्देश पर प्रथम दिवस 20 जुलाई को जनपद पंचायत कटनी एवं रीठी, दूसरे दिन 21 जुलाई को बड़वारा एवं बहोरीबंद तथा तीसरे और अंतिम दिन 22 जुलाई को ढीमरखेड़ा एवं विजयराघवगढ़ की ग्राम पंचायतों को वर्चुअली प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सर्वश्री युजवेंद्र कोरी, ब्रतेश जैन और अन्य अधिकारी कर्मचारी तथा ग्राम पंचायतों के सचिव, ग्राम रोजगार सहायक मौजूद रहे।

