कलेक्टर श्री तिवारी ने जनसुनवाई में सुनीं 232 आवेदकों की समस्याएं, समय-सीमा में निराकरण के दिये निर्देश
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी, (14 जुलाई) – कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टरआशीष तिवारी ने जिले भर से पहुंचे 232 आवेदकों की समस्याएं धैर्यपूर्वक सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।जनसुनवाई में पीएम आवास योजना, राजस्व मामलों (भूमि विवाद, नामांतरण, सीमांकन, नक्शा सुधार), बिजली बिल सुधार, ट्रांसफार्मर स्थापना, राशन वितरण सहित विभिन्न विभागों से जुड़े अनेक आवेदन प्राप्त हुए। जिस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को इनके नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई शासन और जनता के बीच विश्वास का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि नागरिकों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

