"नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत कुठला पुलिस ने वाहन रैली एवं जागरुकता अभियान चलाकर सैकड़ों नागरिकों को दिलाया नशामुक्ति का संकल्प"
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ कटनी/पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत व्यापक रूप से दिनांक 15/07/2026 से 30/07/2026 तक अभियान चलाकर जागरुक करने निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशो के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखलेश दाहिया के द्वारा वाहन रैली का आयोजन किया गया तथा पुरैनी तिराहा एवं गल्ला मण्डी पहरुआ में कार्यक्रम कर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रेरित किया गया है ।कार्यक्रम में अभियान के तहत थाना प्रभारी कुठला के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों की सहभागिता से जागरूकता वाहन रैली निकाली गई। रैली थाना परिसर से प्रारम्भ होकर क्षेत्र के प्रमुख मार्ग पुरैनी तिराहा, पन्ना मोड़, पहरुआ गल्ला मण्डी, इन्द्रानगर तिराहा होकर गुजरी। इस दौरान "नशे से दूरी है जरूरी", "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो", "स्वस्थ युवा – सशक्त भारत" जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया।रैली के दौरान पुलिस टीम द्वारा नागरिकों को शराब, गांजा, स्मैक, ब्राउन शुगर, नशीली दवाइयों, तम्बाकू एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार की खुशियों, आर्थिक स्थिति एवं सामाजिक प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचाता है। नशे की लत के कारण अनेक युवा अपराध, दुर्घटनाओं एवं असामाजिक गतिविधियों की ओर अग्रसर हो जाते हैं, जिससे उनका भविष्य प्रभावित होता है । कार्यक्रम के दौरान लोगो को अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने की समझाइश दी गई। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए, पोस्टर एवं बैनर प्रदर्शित किए गए तथा लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। साथ ही उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों को "नशे से दूरी है जरूरी" का संकल्प दिलाया जाकर नशा न करने की सपथ दिलाई गई गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेलकूद, शिक्षा, योग एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखलेश दाहिया ने कहा कि नशे के विरुद्ध यह अभियान केवल पुलिस का नहीं बल्कि पूरे समाज का अभियान है। समाज, परिवार, शैक्षणिक संस्थानों एवं नागरिकों के सहयोग से ही नशामुक्त वातावरण का निर्माण किया जा सकता है। भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। साथ ही पुलिस का संदेश है कि अंत में थाना प्रभारी ने उपस्थित सभी नागरिकों से अपील की कि "नशा जीवन को अंधकार की ओर ले जाता है, जबकि जागरूकता और संयम उज्ज्वल भविष्य की पहचान है। आइए, नशे को ना कहें और स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज के निर्माण में सहभागी बनें।"

