'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान का भव्य समापन कटनी,पुलिस ने स्कूली बच्चों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ, ट्रैफिक पाठशाला और बाइक सिम्युलेटर के माध्यम से सिखाए सड़क सुरक्षा के व्यवहारिक पाठ
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ कटनी/ दिनांक 30 जुलाई 2026पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा संचालित 15 दिवसीय प्रदेशव्यापी विशेष अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" का समापन कटनी यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता एवं जनसहभागिता के साथ किया गया।पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) रत्नेश मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में थाना यातायात कटनी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नालंदा हायर सेकेंडरी स्कूल, झिंझरी एवं रघुवंश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, झिंझरी के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर एवं सूबेदार सोनम उइके ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें।इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के साथ-साथ सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करना तथा सड़क सुरक्षित तरीके से पार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम को रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के उद्देश्य से थाना प्रभारी द्वारा विद्यार्थियों से यातायात नियमों एवं "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिनका बच्चों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन भी किया गया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों को नशामुक्त जीवन एवं यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। शपथ के दौरान पूरा यातायात थाना परिसर "नशे से दूरी है ज़रूरी" के नारों से गूंज उठा और वातावरण जनजागरूकता के संदेश से ओत-प्रोत हो गया।विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को थाना यातायात परिसर स्थित ट्रैफिक पाठशाला एवं बाइक सिम्युलेटर का भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान उन्हें सुरक्षित वाहन संचालन, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में यातायात नियमों के पालन का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कटनी यातायात पुलिस का उद्देश्य
विद्यार्थी कल के जिम्मेदार नागरिक बनें और नशामुक्त, अनुशासित तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।कार्यक्रम में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर, सूबेदार सोनम उइके, नालंदा हायर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्या श्रीमती लता गुप्ता, दोनों विद्यालयों के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा थाना यातायात कटनी का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
कटनी यातायात पुलिस का संदेश
"नशे से दूरी अपनाएं, जीवन को सुरक्षित बनाएं।यातायात नियमों का करें सम्मान, तभी सुरक्षित होगा हर इंसान।"

