कटनी पुलिस का मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन,106 वारंटी गिरफ्तार
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में गुरुवार को विशेष मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने फरार वारंटियों, निगरानीशुदा एवं गुंडा बदमाशों, जिलाबदर अपराधियों तथा असामाजिक तत्वों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर व्यापक कार्रवाई की। अभियान का उद्देश्य लंबित वारंटों का निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना रहा।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान छह स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया, जबकि 67 गिरफ्तारी वारंटों का निष्पादन किया गया। इसके अलावा 33 जमानती वारंट और 27 समंस तामील किए गए। कुल 106 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।कॉम्बिंग अभियान के तहत 34 गुंडा बदमाशों और 35 निगरानीशुदा अपराधियों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया। वहीं दो जिलाबदर बदमाशों की भी जांच की गई।अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 11 प्रकरण दर्ज किए गए। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार लेकर घूमने वाले दो लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक व्यक्ति के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस, 45 लोगों के विरुद्ध धारा 126/135 बीएनएसएस तथा 21 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 129 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।रात्रिकालीन गश्त के दौरान 28 मुसाफिरों का सत्यापन किया गया। साथ ही 41 होटल, ढाबों और सरायों की जांच की गई। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 42 एटीएम की भी सुरक्षा जांच की गई।इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वाले छह चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए।कटनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या फरार अपराधी की सूचना तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

