केंद्र के समान बैंक खाता पैकेज सुविधाएं राज्य कर्मचारियों को देने की मांग,लघु वेतन कर्मचारी संघ ने सौंपा ज्ञापन
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ जिला शाखा कटनी द्वारा केंद्र सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर राज्य शासन के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी बैंक खाता पैकेज की विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।संघ के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके एवं मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि 12 जून 2026 को संघ के पदाधिकारियों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कटनी को ज्ञापन सौंपकर आयुक्त संस्थागत वित्त संचालनालय मध्यप्रदेश भोपाल के पत्रानुसार सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों द्वारा केंद्र सरकार के कर्मचारियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का लाभ राज्य शासन एवं उसके अधीन कार्यरत निगम, मंडल तथा स्वायत्तशासी निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों को भी दिलाए जाने की मांग की।ज्ञापन में रियायती ब्याज दर पर आवास, शिक्षा, वाहन एवं व्यक्तिगत ऋण, लॉकर किराए एवं ऋण प्रसंस्करण शुल्क में छूट, 1.50 करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत एवं हवाई दुर्घटना बीमा, स्थायी एवं आंशिक विकलांगता बीमा, टर्म लाइफ इंश्योरेंस में अतिरिक्त टॉप-अप सुविधा, परिवार के लिए व्यापक स्वास्थ्य बीमा कवर तथा डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड पर बेहतर वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है।संघ ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिले के समस्त विभागों एवं बैंकों को आवश्यक निर्देश जारी कर शासकीय सेवकों को बैंक खाता पैकेज योजना का लाभ दिलाया जाए तथा इसकी जानकारी सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों तक पहुंचाई जाए।इस अवसर पर संघ के उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम, नीलेश पौराणिक, धर्मेंद्र राज, भागीरथ तिवारी, सोहन दहिया, बालकदास, रुचि विश्वकर्मा, दयाशंकर,नीरज पटेल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

