जिला जेल कटनी में बंदी के परिजनों ने वरिष्ठ प्रहरी पर लगाए गंभीर आरोप,
कलेक्टर व मुख्यमंत्री से की जांच की मांग,,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। जिला जेल कटनी में बंद एक बंदी के परिजनों ने जेल के वरिष्ठ प्रहरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कुम्हार मोहल्ला, राबट लाइन, माधवनगर निवासी पूजा धामेचा ने मुख्यमंत्री, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपा है।
शिकायत में बताया गया है कि उनका पुत्र मोहित धामेचा वर्ष 2025 से जिला जेल कटनी में निरुद्ध है। आवेदिका के अनुसार, मुलाकात के दौरान उनके पुत्र ने आरोप लगाया कि जेल में पदस्थ वरिष्ठ प्रहरी राजभान दुबे द्वारा उससे पैसों की मांग की जाती है तथा मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती है। साथ ही जेल के भीतर जान से खत्म कराने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मोहित धामेचा ने पूर्व में एक मामले में राजभान दुबे के विरुद्ध न्यायालय में गवाही दी थी, जिसके कारण कथित रूप से उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि बंदी ने जेल से लिखित आवेदन के माध्यम से अपनी पीड़ा और सुरक्षा संबंधी चिंताओं से अवगत कराया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित प्रहरी का व्यवहार जेल में आने वाले मुलाकातियों के प्रति भी उचित नहीं है तथा पूर्व में भी उनके खिलाफ शिकायतें होने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
आवेदन में बंदी की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया है कि यदि जेल के भीतर उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित वरिष्ठ प्रहरी की होगी। साथ ही जेल के भीतर कुछ बंदियों को विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के भी आरोप लगाए गए हैं।
पूजा धामेचा ने मुख्यमंत्री, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
उक्त समाचार शिकायत पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है
संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

