अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई 73 हजार से अधिक का माल जब्त, आबकारी अधिनियम के 9 प्रकरण पंजीबद्ध
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी, (13 जून), जिले में अवैध मदिरा के विक्रय एवं निर्माण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के द्वारा दिये गये निर्देश के पालन में आबकारी विभाग द्वारा कार्यवाही का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को आबकारी कंट्रोल रूम प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी मंशाराम उइके के नेतृत्व में जन शिकायत के आधार पर आबकारी वृत बहोरीबंद अंतर्गत ग्राम हरदुआ, कुम्हार मोहल्ला एवं हरदुआ स्टेशन के कुचबंदिया मोहल्ला, थाना कुठला क्षेत्र में दबिश दी गई।दबिश के दौरान टीम द्वारा 480 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 11 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित अवैध मदिरा बरामद कर जब्त की गई। इस कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 9 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। साथ ही संबंधित व्यक्तियों को अवैध रूप से शराब के निर्माण एवं विक्रय न करने की सख्त हिदायत दी गई।जब्त महुआ लाहन एवं मदिरा की अनुमानित कीमत लगभग 73 हजार 650 रुपये आंकी गई। मौके पर पंचों की उपस्थिति में विधिवत कार्रवाई करते हुए महुआ लाहन को नष्ट किया गया।इस कार्रवाई में वृत प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक केशव उइके, आबकारी उपनिरीक्षक अतुल कुटार, आरक्षक रामसिंह, राजेश गोंटिया एवं अनुराग शर्मा का सराहनीय योगदान रहा।

