जनभागीदारी के बीच बाल गंगाधर तिलक वार्ड में विकास कार्यों का शुभारंभ, लगभग 70 लाख रुपये के निर्माण कार्यों का हुआ भूमिपूजन महापौर एवं क्षेत्रीय पार्षद के प्रयासों से वार्ड को मिली विकास कार्यों की सौगात, पेयजल संकट के समाधान हेतु नए बोरवेल की घोषणा सड़क, नाली एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से वार्ड के विकास को मिलेगी नई गति
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी(4 जून)-विकास, जनविश्वास और जनभागीदारी के संकल्प को साकार करते हुए नगर निगम द्वारा बाल गंगाधर तिलक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बुधवार को बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। वर्षों से अपेक्षित जनसुविधाओं को मूर्त रूप देने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती वंदना राजकिशोर यादव के प्रयासों से वार्ड को लगभग 70 लाख रुपये लागत के विकास कार्यों की सौगात मिली। वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, नाली एवं अन्य आधारभूत संरचना से जुड़े महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमिपूजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।इस अवसर पर एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, जयनारायण निषाद,सुभाष साहू, शकुंतला सोनी,सीमा श्रीवास्तव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजकिशोर यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण से हुआ आत्मीय स्वागत
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय नागरिकों एवं महिलाओं द्वारा महापौर एवं अतिथियों के भव्य स्वागत के साथ हुआ।बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने पुष्पमालाओं एवं पुष्पवर्षा कर जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन किया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, जनसमर्थन और विकास के प्रति लोगों का विश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
जनभागीदारी की अनूठी मिसाल, वरिष्ठ महिलाओं एवं बच्चों के कर-कमलों से हुआ भूमिपूजन
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन वार्ड की वरिष्ठ महिलाओं एवं बच्चों के कर-कमलों द्वारा संपन्न कराया गया। महापौर एवं जनप्रतिनिधियों ने इसे समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास प्रक्रिया से जोड़ने का प्रतीक बताया। वरिष्ठ महिलाओं का सम्मान करते हुए उन्हें समाज की प्रेरणा और अनुभव का स्रोत बताया गया, वहीं बच्चों को भविष्य के विकसित कटनी का आधार मानते हुए इस शुभ कार्य में सहभागी बनाया गया।
इन विकास कार्यों का हुआ शुभारंभ
भूमिपूजन के अंतर्गत वार्ड के इंदिरा नगर गली क्रमांक-8 में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से डब्लू बीएम सड़क का निर्माण किया जाएगा।वहीं साईं मंदिर के पास 23 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण, सत्संग नगर की गली क्रमांक-3 एवं 5 में 10 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण तथा साईं मंदिर के पीछे 4.50 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया । इसके अतिरिक्त पन्ना मोड़ क्षेत्र में क्षतिग्रस्त 10 पुलियों के पुनर्निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखी गई, जिससे क्षेत्र की यातायात एवं जल निकासी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
जनता की सेविका बनकर आई हूं, आपका विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत — महापौर
कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती सूरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज मैं यहां जनता की सेविका के रूप में आप सभी के बीच उपस्थित हूं। जनता ने जो विश्वास मुझ पर व्यक्त किया है, वही मेरी सबसे बड़ी पूंजी और ताकत है। नगर का प्रत्येक वार्ड मेरा परिवार है और यहां के नागरिकों की खुशहाली एवं सुविधाएं मेरी प्राथमिकता हैं।उन्होंने कहा, “विकास केवल ईंट, सीमेंट और निर्माण कार्यों का नाम नहीं है, बल्कि यह लोगों के जीवन को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने का माध्यम है। हमारी कोशिश है कि शहर का कोई भी क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे। सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था जैसी आवश्यक सेवाओं को सुदृढ़ बनाकर हम नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाना चाहते हैं।
पेयजल समस्या के समाधान हेतु नए बोरवेल की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में पेयजल की आवश्यकता को देखते हुए महापौर श्रीमती सूरी ने नए बोरवेल निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि भविष्य में संभावित जल संकट से निपटने और नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी ताकि किसी भी नागरिक को पेयजल संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।
वार्डवासियों का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी जिम्मेदारी — पार्षद वंदना यादव
वार्ड पार्षद श्रीमती वंदना राजकिशोर यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि वार्डवासियों ने हमेशा मुझ पर विश्वास जताया है और मैं उनके इस विश्वास को विकास कार्यों के माध्यम से मजबूत करने का प्रयास कर रही हूं। आज जिन कार्यों का भूमिपूजन हुआ है, वे लंबे समय से क्षेत्र की आवश्यकता थे और इनके पूर्ण होने से हजारों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा वार्ड का विकास ही मेरा संकल्प है। नागरिकों की प्रत्येक समस्या को शासन और प्रशासन तक पहुंचाकर उसका समाधान कराना मेरी प्राथमिकता रही है। हमारी नगर कि महापौर के सहयोग और संवेदनशील नेतृत्व के कारण वार्ड में निरंतर विकास कार्य स्वीकृत हो रहे हैं। आने वाले समय में भी वार्ड के सर्वांगीण विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाता रहेगा।
प्रसाद वितरण एवं जनसंपर्क कार्यक्रम के साथ हुआ समापन
भूमिपूजन कार्यक्रम के पश्चात प्रसाद वितरण, एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने विकास कार्यों के लिए महापौर एवं वार्ड पार्षद का आभार व्यक्त किया। वार्डवासियों ने विश्वास जताया कि इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से बाल गंगाधर तिलक वार्ड नगर के विकसित, सुव्यवस्थित एवं आदर्श वार्डों की अग्रिम पंक्ति में अपनी पहचान स्थापित करेगा।

