स्वच्छता और सुविधा: वेंकट वार्ड में मजबूत होगी जल निकासी व्यवस्था, लगभग 30 लाख के निर्माण कार्यों का शुभारंभ,,
महापौर, क्षेत्रीय पार्षद सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में रखी गई विकास कार्यों की आधारशिला, नागरिकों में उत्साह,,
सुविधासंपन्न और व्यवस्थित शहर के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है निगम — महापौर,,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़,कटनी,(6 जून) – वेंकट वार्ड के विकास को नई गति देते हुए नगर निगम कटनी द्वारा गुरुवार को बहुप्रतीक्षित सी.सी. नाली निर्माण एवं कव्हरिंग कार्य का शुभारंभ किया गया। लगभग 30 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस निर्माण कार्य की आधारशिला महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद एवं मेयर इन काउंसिल सदस्य श्रीमती बीना बैनर्जी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में रखी गई। लंबे समय से बेहतर जल निकासी व्यवस्था की अपेक्षा कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह पहल बड़ी राहत लेकर आई। निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत न केवल वर्षाकाल में जलभराव की समस्या का समाधान होगा, बल्कि क्षेत्र की स्वच्छता, सुगम आवागमन एवं नागरिक सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य सर्वश्री डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता,उमेन्द्र अहीरवार, पार्षद शकुंतला सोनी,सीमा श्रीवास्तव,मछुआरा संघ के प्रदेश संयोजक श्याम निषाद एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की सहभागिता ने कार्यक्रम को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया।
नारी शक्ति की सहभागिता के साथ हुआ भूमिपूजन
वेंकट वार्ड में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम विशेष रूप से नारी शक्ति की गरिमामयी उपस्थिति से संपन्न हुआ। विकास कार्यों की आधारशिला वार्ड की महिलाओं के कर-कमलों से रखवाई गई, जिससे कार्यक्रम में सामाजिक सहभागिता एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश भी परिलक्षित हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय नागरिकों ने महापौर एवं अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा विकास कार्य के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की।
भूमिपूजन अंतर्गत नारायण केवट मंदिर से मालती वर्मन के मकान तक दोनों ओर 24.30 लाख रुपये की लागत से सी.सी. नाली निर्माण कार्य तथा 5.50 लाख रुपये की लागत से सी.सी. नाली निर्माण एवं कव्हरिंग कार्य कराया जाएगा। यह निर्माण कार्य क्षेत्र में वर्षा जल निकासी को व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जनसुविधाओं का विस्तार विकास की पहली शर्त — महापौर
इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि शहर का समग्र और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा सके।
वार्ड के विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे —पार्षद श्रीमति बैनर्जी
क्षेत्रीय पार्षद एवं मेयर इन काउंसिल सदस्य श्रीमती वीणा बैनर्जी ने कहा कि वेंकट वार्ड की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्य स्वीकृत कराए जा रहे हैं। लंबे समय से अपेक्षित इस नाली निर्माण एवं कव्हरिंग कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा जल निकासी संबंधी समस्याओं से राहत प्राप्त होगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वार्ड के सर्वांगीण विकास के लिए आगे भी इसी प्रकार प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में नागरिकों ने विकास कार्य के शुभारंभ पर महापौर, क्षेत्रीय पार्षद एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

