कटनी,कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक ने पेश की मिसाल,पैर में फ्रैक्चर के बावजूद पूरा किया जनगणना कार्य
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़/कटनी, 8 मई।वक़्त ने तोड़ने की कोशिश की हजारों बार, मगर हम पत्थर नहीं चट्टान निकले…”इन पंक्तियों को चरितार्थ कर दिखाया है कटनी जिले के हीरापुर कोड़िया ग्राम निवासी कर्मठ एवं कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक सुनीत पांडेय ने।
प्राप्त जानकारी के अनुसार
दिनांक 1 मई 2026 को भवनों की नंबरिंग के दौरान सुनीत पांडेय के पैर के पंजे में फ्रैक्चर हो गया। चिकित्सकों द्वारा प्लास्टर बांधकर उन्हें पूर्ण आराम की सलाह दी गई थी। लेकिन कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा और जनसेवा के जज़्बे ने उन्हें रुकने नहीं दिया।
चोट और असहनीय पीड़ा के बावजूद श्री पांडेय ने अगले ही दिन 2 मई को अपनी फील्ड HLB-105 देवरी हटाई में पुनः कार्यभार संभाल लिया। भीषण गर्मी के बीच सुबह से शाम तक लगातार मेहनत करते हुए उन्होंने जनगणना के प्रथम चरण अंतर्गत मकानों की गणना का कार्य दिनांक 5 मई 2026 तक शत-प्रतिशत पूर्ण कर दिया।
उनकी यह कार्यनिष्ठा,समर्पण भावना
और अदम्य साहस समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। विषम परिस्थितियों में भी अपने दायित्व का निर्वहन कर उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि सच्चे कर्मयोगी परिस्थितियों के आगे हार नहीं मानते।
क्षेत्रवासियों एवं सहकर्मियों ने श्री पांडेय के जज़्बे को नमन करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

