कटनी,भारत रत्न डॉ. अंबेडकर की 135वीं जयंती पर बस स्टैंड ऑडिटोरियम में भव्य आयोजन,,
विधायक श्री जायसवाल, कलेक्टर श्री तिवारी और एसपी ने हितग्राहियों को हितलाभों और प्रावीण्य सूची के छात्रों को किया प्रमाण पत्र वितरित,,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी, (14 अप्रैल)- डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर बस स्टैंड स्थित ऑडिटोरियम में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों और आमजन की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही,कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि तथा डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में विधायक श्री जायसवाल ने कहा कि चाहे राजनीति, प्रशासन, शिक्षा या खेल का क्षेत्र हो—किसी को भी आगे बढ़ने के लिए अपनी जगह स्वयं बनानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि सम्मान देना हमारी संस्कृति है, लेकिन किसी को भी अपमान करने का अधिकार नहीं दिया जा सकता। उन्होंने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सम्मान के साथ आगे बढ़ सकता है।
विधायक ने आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि कई बार समाज या विरोधी हमें कम आंकने की कोशिश करते हैं, लेकिन अपनी योग्यता पर विश्वास रखने वाला व्यक्ति हर चुनौती का सामना कर सकता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का सपना था कि समाज का हर वर्ग यह संकोच छोड़ दे कि वह किसी पद या अवसर के योग्य नहीं है और आगे बढ़ने का साहस करे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी
ने डॉ. अंबेडकर के महिला सशक्तिकरण, समानता और संविधान निर्माण में योगदान को अविस्मरणीय बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान करता है और हमें इसके मौलिक कर्तव्यों का पालन करते हुए समतामूलक समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
इससे पूर्व शासकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य चित्रा प्रभात ने संविधान का वाचन किया, जबकि छात्रा कीर्ति चौधरी ने बाबा साहब के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांध दिया। विभिन्न विद्यालयों एवं छात्रावासों की छात्राओं ने देशभक्ति एवं सामाजिक संदेशों से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में विधायक श्री जायसवाल एवं कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा
कक्षा 10वीं एवं 12वीं की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राहियों को ऋण एवं अनुदान भी प्रदान किया गया। विधायक ने उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली छात्राओं को दो-दो हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा भी की।

