नवागत एसडीओपी कृष्णपाल सिंह ने संभाला पदभार, अपराध नियंत्रण व प्रभावी पुलिसिंग पर रहेगा फोकस
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ कटनी/दमोह/हटा। मध्यप्रदेश पुलिस विभाग की तबादला सूची के तहत तेजतर्रार एवं साहसी पुलिस अधिकारी कृष्णपाल सिंह ने गुरुवार को हटा अनुभाग के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। उनके आगमन से हटा पुलिस अनुभाग में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा अपराध नियंत्रण को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।कृष्णपाल सिंह इससे पूर्व बालाघाट के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में अपनी प्रभावी कार्यशैली और साहसिक अभियानों के लिए विशेष पहचान बना चुके हैं। नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान उन्होंने 56 लाख रुपये के इनामी नक्सली के विरुद्ध सफल कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी कार्यशैली अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, प्रभावी पुलिसिंग और जनसहभागिता पर आधारित मानी जाती है।वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान उनकी परिवीक्षा अवधि हटा अनुभाग के रजपुरा थाना प्रभारी के रूप में रही थी। इस कारण वे हटा क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक एवं कानून-व्यवस्था संबंधी परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हैं, जिससे उन्हें नई जिम्मेदारी निभाने में भी लाभ मिलेगा।पदभार ग्रहण करने के बाद एसडीओपी कृष्णपाल सिंह ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, अपराधों पर प्रभावी अंकुश, कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने नागरिकों से भी पुलिस का सहयोग करने और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

