निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने बैठक के दौरान कटनी के भविष्य की पेयजल व्यवस्था एवं पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, प्रभारी मंत्री के समक्ष रखे महत्वपूर्ण सुझाव
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़,कटनी / कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में माननीय श्री उदय प्रताप सिंह जी, परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा कटनी जिले के प्रभारी मंत्री एवं माननीय श्री विष्णु दत्त शर्मा जी, सांसद खजुराहो की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने सहभागिता करते हुए कटनी शहर के विकास एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता के साथ रखा।
बैठक के दौरान निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने प्रधानमंत्री आवास योजना
के संबंध में कहा कि पूर्व में नगर निगम की टैक्स रसीद के आधार पर भी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्राप्त होता था, किंतु वर्तमान में केवल रजिस्ट्री एवं भूमि के पट्टे के आधार पर ही पात्रता निर्धारित की जा रही है। उन्होंने माननीय प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह जी से आग्रह किया कि जिन पात्र परिवारों को अभी तक भूमि के पट्टे उपलब्ध नहीं हो सके हैं, उन्हें शीघ्र पट्टे प्रदान कराने की आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे।निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने शहर की दीर्घकालीन पेयजल व्यवस्था को लेकर भी अपना महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत करते हुए कहा कि कटनी की बढ़ती आबादी एवं भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए अभी से स्थायी समाधान पर कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने माननीय प्रभारी मंत्री से आग्रह किया कि बरगी डैम से आने वाली नहर का जल नियमित रूप से कटनी नदी में छोड़े जाने की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे वर्षभर नदी में पर्याप्त जल उपलब्ध रहे और नगरवासियों को निर्बाध, स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था भविष्य में संभावित जल संकट से शहर को सुरक्षित रखने की दिशा में एक दूरदर्शी एवं जनहितकारी पहल सिद्ध होगी।श्री पाठक ने कहा कि नगर के विकास से जुड़े विषयों पर समय-समय पर शासन का ध्यान आकर्षित करना जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। कटनी के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा शहर के समग्र एवं सुनियोजित विकास के लिए निरंतर प्रयास करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।बैठक में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, विकास कार्यों की समीक्षा तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने नगर हित एवं जनकल्याण से जुड़े अनेक विषयों पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए।निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय प्रभारी मंत्री के मार्गदर्शन एवं शासन के सहयोग से कटनी के विकास को नई गति मिलेगी तथा नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।बैठक के दौरान श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह विधायक बड़वारा श्री दीपक टंडन सोनी जिला अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा जिला पंचायत अध्यक्ष, श्रीअशोक विश्वकर्मा कलेक्टर कटनी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

