रोड सेफ्टी को नई पहचान, निगम ने बढ़ाए सुरक्षा के कदम रोड मार्किंग, पार्किंग-नो पार्किंग संकेतकों के बाद अब ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में क्रैश बैरियर एवं स्पीड ब्रेकर निर्माण से सड़क सुरक्षा होगी और मजबूत

रोड सेफ्टी को नई पहचान, निगम ने बढ़ाए सुरक्षा के कदम रोड मार्किंग, पार्किंग-नो पार्किंग संकेतकों के बाद अब ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में क्रैश बैरियर एवं स्पीड ब्रेकर निर्माण से सड़क सुरक्षा होगी और मजबूत

रोड सेफ्टी को नई पहचान, निगम ने बढ़ाए सुरक्षा के कदम रोड मार्किंग, पार्किंग-नो पार्किंग संकेतकों के बाद अब ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में क्रैश बैरियर एवं स्पीड ब्रेकर निर्माण से सड़क सुरक्षा होगी और मजबूत

 मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी, (16 जुलाई) - शहर में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था विकसित करने की दिशा में नगर पालिक निगम कटनी द्वारा लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर शहर के दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) क्षेत्रों में चरणबद्ध रूप से सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। पहले रोड मार्किंग, जेब्रा क्रॉसिंग, स्टॉप लाइन तथा पार्किंग-नो पार्किंग संकेतक स्थापित किए गए और अब संवेदनशील स्थलों पर क्रैश बैरियर एवं स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।

ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में बढ़ाई जा रही सुरक्षा

नगर निगम द्वारा दुर्घटना संभावित एवं संकरे मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चाका, कुठला एवं बरगवां के संकरे पुलों तथा अन्य ब्लैक स्पॉट स्थलों पर क्रैश बैरियर स्थापित किए गए हैं। वहीं कुठला, पन्ना मोड़, इंदिरा नगर पन्ना तिराहा, कृषि उपज मंडी गेट, सेंट पॉल स्कूल मार्ग, नगर निगम कार्यालय के सामने सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। इन कार्यों से दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।

चरणबद्ध तरीके से आधुनिक यातायात व्यवस्था के प्रयास

सिटी ट्रांसपोर्ट मैनेजर श्री योगेश पवार ने बताया कि शहर में यातायात सुधार अभियान चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है। जिसके तहत पहले चरण में बरगवां से बिलहरी मोड़, सागर पुलिया से साउथ स्टेशन मार्ग, बाबा नारायण शाह वार्ड, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, माधवनगर उप कार्यालय मार्ग, घंटाघर से गर्ग चौराहा, नई बस्ती मिशन चौक, अहिंसा तिराहा, सुभाष चौक, मुख्य रेलवे स्टेशन मार्ग, आजाद चौक एवं जगन्नाथ चौक सहित प्रमुख बाजारों और विद्यालयों के आसपास रोड मार्किंग, लेन निर्धारण एवं जेब्रा क्रॉसिंग का कार्य पहले ही पूर्ण किया जा चुका है। स्पष्ट लाइन मार्किंग से यातायात अधिक अनुशासित हुआ है तथा पैदल यात्रियों को भी सड़क पार करने में सुविधा मिल रही है।

पार्किंग व्यवस्था का नया स्वरूप

यातायात को व्यवस्थित बनाने के लिए पार्किंग व्यवस्था को नया स्वरूप दिया जाकर शहर के प्रमुख मार्गों पर पार्किंग एवं नो पार्किंग संकेतक भी लगाए गए हैं। स्टेशन रोड मुख्य मार्ग, चांडक चौक एवं अन्य व्यस्त क्षेत्रों में नो पार्किंग बोर्ड स्थापित किए गए हैं, जबकि रामलीला मैदान (गोल बाजार), वेंकट लाइब्रेरी परिसर के नीचे स्थित रिक्त स्थल तथा विश्वकर्मा पार्क के पास पार्किंग स्थल चिन्हित कर संकेतक लगाए गए हैं। इससे वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल की स्पष्ट जानकारी मिलेगी, सड़कें अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित पार्किंग से मुक्त रहेंगी तथा यातायात अधिक सुचारू होगा।

सुरक्षित और अनुशासित शहर की ओर मजबूत पहल

नगर निगम का उद्देश्य शहर में ऐसी यातायात व्यवस्था विकसित करना है, जहाँ वाहन चालक और पैदल यात्री दोनों सुरक्षित महसूस करें। रोड मार्किंग, संकेतक बोर्ड, क्रैश बैरियर एवं स्पीड ब्रेकर जैसी व्यवस्थाएँ न केवल सड़क सुरक्षा को मजबूत करेंगी, बल्कि जाम की समस्या कम करने और यातायात अनुशासन को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।

निगम प्रशासन की नागरिकों से अपील

नगर निगम प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, पार्किंग एवं नो पार्किंग संकेतकों का सम्मान करते हुए अपने वाहन केवल निर्धारित स्थानों पर ही खड़े करें तथा सड़क सुरक्षा संबंधी संकेतों का पालन करें। नागरिकों के सहयोग से ही कटनी को सुरक्षित, सुव्यवस्थित शहर बनाया जा सकता है।

रोड सेफ्टी को नई पहचान, निगम ने बढ़ाए सुरक्षा के कदम रोड मार्किंग, पार्किंग-नो पार्किंग संकेतकों के बाद अब ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में क्रैश बैरियर एवं स्पीड ब्रेकर निर्माण से सड़क सुरक्षा होगी और मजबूत



Post a Comment (0)
Previous Post Next Post