आउटसोर्स भर्ती में रिश्वतखोरी और अनियमितता के आरोप, कलेक्टर से जांच की मांग
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी/बहोरीबंद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहोरीबंद में संचालित आउटसोर्स भर्ती प्रक्रिया को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। इस संबंध में जिला कलेक्टर को एक लिखित आवेदन सौंपकर भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहोरीबंद में कमांडो इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स के माध्यम से की जा रही आउटसोर्स भर्ती में व्यापक अनियमितताएं बरती जा रही हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद अहिरवार एवं कुछ कर्मचारियों द्वारा नियुक्ति दिलाने के नाम पर प्रत्येक अभ्यर्थी से लगभग 30 हजार रुपये की कथित मांग की जा रही है।आवेदन में कहा गया है कि सरकार द्वारा बेरोजगार एवं आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भर्ती की व्यवस्था की गई है, लेकिन कथित रूप से धन लेकर योग्यता एवं निर्धारित प्रक्रिया की अनदेखी करते हुए नियुक्तियां दी जा रही हैं। इससे पात्र एवं योग्य अभ्यर्थी रोजगार से वंचित हो रहे हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई बेरोजगार युवा नौकरी पाने की उम्मीद में कर्ज लेने और आर्थिक संकट झेलने को मजबूर हो रहे हैं।शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, यदि अभ्यर्थियों से अवैध रूप से राशि ली गई हो तो उसे वापस कराया जाए तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में संबंधित अधिकारियों का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका था। पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

