कटनी माधव नगर,एमईएस कॉलोनी में सूने मकान से नकदी व जेवरात चोरी,करीब 5 लाख की वारदात,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। शहर में चोरी की लगातार बढ़ती घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनती जा रही हैं। ताजा मामला उपनगरीय क्षेत्र माधवनगर की एमईएस कॉलोनी का है,जहां अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 5 लाख रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार कास्मेटिक कारोबारी अनिल कलवानी अपने परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर ससुराल गए हुए थे। इसी दौरान 6 और 7 जुलाई की दरम्यानी रात अज्ञात चोर मकान में घुस गए और अलमारी में रखे लगभग 1 लाख 95 हजार रुपये नकद, सोने की चेन,लॉकेट, कान की बालियां तथा अन्य कीमती जेवरात चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपये है।
परिवार के वापस लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई। घटना की सूचना तत्काल माधवनगर पुलिस को दी गई। पीड़ित अनिल कलवानी ने बताया कि वह शिकायत लेकर थाने पहुंचे,जहां उन्हें थाना प्रभारी के आने के बाद एफआईआर दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई।
लगातार सामने आ रही चोरी और चाकूबाजी की घटनाओं ने शहरवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस के सामने इस वारदात का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की चुनौती है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

