शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कटनी पुलिस की सख्त कार्रवाई, न्यायालय ने लगाया ₹30 हजार का जुर्माना,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी/, दिनांक, 8 जुलाई। सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस लगातार ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में यातायात थाना पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए तीन वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए। सभी मामलों को त्वरित कार्रवाई के तहत मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कटनी के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने तीनों आरोपियों पर ₹10-10 हजार का अर्थदंड लगाया। इस प्रकार कुल ₹30 हजार का जुर्माना अधिरोपित एवं वसूल किया गया। न्यायालय के निर्देशानुसार निर्धारित अर्थदंड जमा करने के बाद संबंधित वाहन नियमानुसार उनके स्वामियों को सुपुर्द कर दिए गए।
यातायात पुलिस की अपील
कटनी यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएँ। नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं तथा अन्य लोगों के जीवन को भी गंभीर खतरे में डालता है। यदि शराब का सेवन किया हो तो चालक, टैक्सी या अन्य सुरक्षित परिवहन का उपयोग करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्रिंक एंड ड्राइव, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।

