20 जुलाई को भोपाल में ओबीसी महासभा का महाघेराव, आरक्षण और जातिगत जनगणना की मांग तेज,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ कटनी/भोपाल। सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक अधिकारों की मांग को लेकर ओबीसी महासभा ने 20 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास के महाघेराव का ऐलान किया है। संगठन के अनुसार यह आंदोलन 13 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण पर लगी रोक हटाने तथा जातिगत जनगणना कराने की प्रमुख मांगों को लेकर आयोजित किया जाएगा।
महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि पिछड़े वर्गों को संविधान प्रदत्त अधिकार समय पर मिलना चाहिए। उनका कहना है कि शिक्षा,रोजगार और शासन-प्रशासन में समान अवसर उपलब्ध कराना सामाजिक न्याय की दिशा में आवश्यक कदम है तथा यही समरस और सशक्त समाज की पहचान है।
संगठन ने अपने जनहित संदेश में कहा है कि जब प्रत्येक वर्ग को समान अवसर,सम्मान और न्याय मिलेगा,तभी सशक्त मध्यप्रदेश और विकसित भारत का सपना साकार होगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था में संविधान के दायरे में रहकर अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है।
ओबीसी महासभा ने प्रदेशभर के नागरिकों, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं से 20 जुलाई को भोपाल में आयोजित महाघेराव में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से शामिल होने की अपील की है। संगठन का कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या वर्ग के विरोध में नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक अधिकारों की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है।

