मध्यप्रदेश बजट 2026-27 : किसान, मजदूर, महिला, व्यापारी और युवाओं के लिए समर्पित , मनोज नौगरहिया

मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मनोज नौगरहिया ने मध्यप्रदेश के बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के हर वर्ग, किसान, मजदूर, महिला, युवा व्यापारी और गरीब,के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दूरदृष्टि का परिचायक है।
श्री नौगरहिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में वित्त मंत्री श्री जगदीश देवड़ा द्वारा प्रस्तुत यह बजट विकास और सुशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बजट में अधोसंरचना विकास, कृषि उन्नयन, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार सृजन तथा गरीब कल्याण की योजनाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए सिंचाई, आधुनिक कृषि संसाधन और समर्थन मूल्य जैसी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है, वहीं युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए हैं। महिलाओं के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया गया है। मनोज नौगरहिया ने आगे कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट प्रदेश की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करेगा और आने वाले समय में मध्यप्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने वाला है और सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करेगा।
