नगर निगम की लापरवाही: पानी की किल्लत से जनमानस बीमार, पार्षद-कमिश्नर की चुप्पी पर सवाल राजाजगवानी
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी, 24 सितंबर 2025: शहर में जल संकट ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। जीवन के लिए सबसे अहम जल, जो हर व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकता है, वह कई वार्डों में नियमित रूप से उपलब्ध नहीं हो रहा। जहां कहीं पानी की सप्लाई हो भी रही है, वह रात 11:00 बजे, 11:15 बजे या 11:30 बजे जैसे अनिश्चित समय पर हो रही है। यह दुर्दशा कई महीनों से जारी है, लेकिन न तो स्थानीय पार्षद इस ओर ध्यान दे रहे हैं और न ही नगर निगम प्रशासन कोई ठोस कदम उठा रहा।शहर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजा जगवानी ने इस गंभीर समस्या पर रोष जताते हुए नगर निगम कमिश्नर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा, "नवरात्रि और दीपावली जैसे प्रमुख पर्व नजदीक हैं,जब प्रत्येक घर में साफ-सफाई के लिए पानी की अत्यधिक आवश्यकता होती है। ऐसे में नगर निगम को चाहिए कि वह समयबद्ध तरीके से दिन में कम से कम दो बार पर्याप्त मात्रा में जलापूर्ति सुनिश्चित करे।"जगवानी ने आगे कहा कि अनियमित और अपर्याप्त जलापूर्ति से नागरिकों का स्वास्थ्य और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। कई वार्डों में लोग रात के असमय पानी भरने को मजबूर हैं, जिससे उनकी दिनचर्या और स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जलापूर्ति के लिए निश्चित समय-सारिणी बनाई जाए और इसे सख्ती से लागू किया जाए।नागरिकों का कहना है कि नगर निगम की यह लापरवाही न केवल उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रही है, बल्कि त्योहारी सीजन में उनकी तैयारियों पर भी असर डाल रही है। शहरवासियों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद जताई है, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
नगर निगम कमिश्नर से अपील
राजा जगवानी ने नगर निगम कमिश्नर से निवेदन किया है कि वह इस मामले को गंभीरता से लें और जलापूर्ति को नियमित करने के लिए तत्काल कदम उठाएं। शहरवासियों की यह मांग अब और अनसुनी नहीं की जा सकती।

