वीर शहीद पुलिसकर्मियों की याद में कोतवाली पुलिस ने किया आयोजन, सरस्वती विद्यालय में देशभक्ति गीतों के साथ दी गई श्रद्धांजलि
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए कोतवाली पुलिस के द्वारा पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के निर्देश पर पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर के उपलक्ष्य में सरस्वती स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जहां पर देशभक्ति गीतों के जरिए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 21 से 30 अक्टूबर तक पुलिस शहीदों के योगदान की स्मृति में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिसके पालन में थाना प्रभारी कोतवाली द्वारा आज 26 अक्टूबर को सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटनी में वीर शहीद पुलिसकर्मियों की याद में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम में थाना प्रभारी कोतवाली व उनके स्टाफ सहित, सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और करीब 500 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वीर शहीद पुलिस कर्मियों को याद कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी कोतवाली सुदेश कुमार समन, उनि. महेन्द्र जायसवाल, स्कूल प्रबंधक चंद्रप्रकाश बरसैंया एवं प्राचार्य पुरूषोत्तम माली द्वारा वीर शहीद पुलिस कर्मियों को याद करते हुए पुलिस की वीरता और बलिदानों के बारे में छात्र-छात्राओं को बताया, साथ ही पुलिस की समाज में महत्वता, पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में अवगत कराते हुए छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित किया। छात्र-छात्राओं के द्वारा शहीदों के सम्मान में देश-भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम समापन पर ‘‘वीर शहीद अमर रहें‘‘एवं ‘‘भारत माता की जय‘ के नारों के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ संपादक श्यामलाल सूर्यवंशी


